व्यापार
06-May-2026


मुंबई (ईएमएस)। केंद्र सरकार द्वारा 1.81 लाख करोड़ की क्रेडिट गारंटी योजना को मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड और स्पाइेसजेट के शेयरों में तूफानी तेजी दिखाई दी। इस सरकारी फैसले का मुख्य उद्देश्य कंपनियों और एयरलाइंस को अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलना है, जिससे उनके वित्तीय बोझ को कम कर सके और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले। बाजार खुलने के बाद से ही निवेशकों में उत्साह देखा गया। दोपहर साढ़े दस बजे के करीब इंडिगो के शेयर 3.50 प्रतिशत की शानदार उछाल के साथ 4385 रुपये के आसपास कारोबार कर रहे थे। सुबह 4320 रुपये पर खुलने के बाद ये शेयर तेजी से बढ़कर 4393 रुपये के अपने इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गए, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। वहीं, स्पाइेसजेट के शेयरों में भी करीब 5 प्रतिशत की शानदार तेजी दर्ज की गई, जिसने शेयर को अपर सर्किट तक पहुंचा दिया। स्पाइेसजेट के शेयर 12.50 रुपये पर खुले और तुरंत 12.70 रुपये के अपर सर्किट मूल्य पर स्थिर हो गए, जिससे इस एयरलाइन के निवेशकों को बड़ा लाभ हुआ। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने योजना का विवरण देकर बताया कि इसका लक्ष्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और विशेष रूप से विमानन क्षेत्र को कुल 2.55 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज उपलब्ध कराना है। इस महत्वपूर्ण पहल पर केंद्र सरकार गारंटी के तौर पर 18,100 करोड़ रुपये खर्च करेगी। योजना के तहत विमानन क्षेत्र के लिए 5,000 करोड़ रुपये का विशेष आवंटन किया गया है, जो इस सेक्टर की मौजूदा चुनौतियों को देखते हुए एक बड़ी राहत है। यह पूरी योजना नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड (एनसीजीटीसी) के माध्यम से संचालित होगी, जो सदस्य ऋण संस्थानों को गारंटी कवर प्रदान करके यह सुनिश्चित करेगी कि वैध और योग्य उधारकर्ताओं को आसानी से अतिरिक्त ऋण मिल सके, जिससे उनके संचालन में सुगमता आए। सरकार के इस महत्वपूर्ण आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज से शेयर बाजार में सकारात्मक माहौल बना। आशीष दुबे / 06 मई 2026