व्यापार
06-May-2026


बेंगलुरु,(ईएमएस)। बायोटेक क्षेत्र की अग्रणी कंपनी बायोकॉन अब अपने नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बदलाव करने की तैयारी में है। कंपनी की दूरदर्शी संस्थापक और चेयरपर्सन, किरण मजूमदार-शॉ ने अपनी भतीजी क्लेयर मजूमदार को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है। यह घोषणा कंपनी के विकास के अगले चरण को देखकरकी गई है, जिसका उद्देश्य शीर्ष नेतृत्व में निरंतरता और सुचारु परिवर्तन करना है। हाल ही में साक्षात्कार में, मजूमदार-शॉ ने दो टूक कहा कि यह बदलाव चरणबद्ध तरीके से होगा। इसके तहत क्लेयर धीरे-धीरे कंपनी के नेतृत्व की भूमिकाओं में गहराई से शामिल होंगी और अंततः चेयरपर्सन का पदभार संभालेंगी। यह पूरी प्रक्रिया अगले पांच वर्षों में पूरी होगी है। उन्होंने कहा कि वह तुरंत अपने पद से हट नहीं रही हैं, बल्कि यह सुनिश्चित करना चाहती हैं कि बायोकॉन को सही हाथों में रहे। मजूमदार-शॉ ने अपनी भतीजी पर विश्वास जताकर कहा, मैंने अपनी भतीजी क्लेयर को अपनी उत्तराधिकारी के तौर पर देखा है, क्योंकि मुझे लगता है कि भतीजी ने यह साबित किया है कि वह एक कंपनी चला सकती है। इस महत्वपूर्ण घोषणा का बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। बीएसई पर बायोकॉन का शेयर करीब 2.36 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। यह निवेशकों के उस भरोसे को दिखाता है कि कंपनी ने एक स्पष्ट उत्तराधिकार योजना प्रस्तुत की है और प्रवर्तक का नियंत्रण प्रभावी ढंग से बना रहेगा। 37 वर्षीय क्लेयर मजूमदार, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और उद्यमिता के प्रभावशाली अनुभव का संगम हैं। वह बिकारा थेरेप्यूटिक्स की संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। बिकारा एक क्लिनिकल-स्टेज ऑन्कोलॉजी कंपनी है जो ट्यूमर के लिए बाइफंक्शनल एंटीबॉडीज के विकास पर केंद्रित है। वर्ष 2024 में बिकारा का मूल्यांकन 80 करोड़ डॉलर से अधिक था जब यह नैस्डैक में सूचीबद्ध हुई, और अब इसका बाजार पूंजीकरण 1.6 अरब डॉलर से भी अधिक है, जबकि इसकी मुख्य कैंसर थेरेपी अभी भी क्लिनिकल ट्रायल में है। क्लेयर की अकादमिक पृष्ठभूमि भी बेहद मजबूत है; उन्होंने एमआईटी से बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ साइंस, स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए और स्टैनफोर्ड स्कूल ऑफ मेडिसिन से कैंसर बायोलॉजी में पीएचडी की डिग्री हासिल की है। यह अनुभव और योग्यता उन्हें बायोकॉन जैसे बड़े संस्थान की कमान संभालने के लिए एक आदर्श उम्मीदवार बनाती है। आशीष दुबे / 06 मई 2026