मुंबई (ईएमएस)। अप्रैल माह में वाहनों की खुदरा बिक्री ने एक नया इतिहास बना दिया है। इस साल अप्रैल में कुल 26.1 लाख वाहन बिके, जो बीते अप्रैल की तुलना में 12.94 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दिखाता है। इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को जाता है, जिन्होंने शहरी बाजारों से भी बेहतर प्रदर्शन कर देश की आर्थिक गति को बनाए रखा। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) और उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, छह में से पांच वाहन श्रेणियों ने अप्रैल 2024 की बिक्री में रिकॉर्ड दर्ज किया। इसमें दोपहिया वाहनों ने 13 प्रतिशत, तिपहिया ने 7 प्रतिशत, यात्री वाहनों ने 12 प्रतिशत, वाणिज्यिक वाहनों ने 15 प्रतिशत और ट्रैक्टरों ने 23.22 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि दिखाई। हालांकि, निर्माण उपकरण श्रेणी में 2 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई। फाडा के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने इस गति पर संतोष जताकर कहा कि हम वित्त वर्ष 27 में दो अंकों की वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के पीछे कई कारक जिम्मेदार रहे, जिसमें जीएसटी 2.0 के बाद उपभोक्ताओं की खर्च करने की बेहतर क्षमता, भारतीय रिजर्व बैंक का ब्याज दरों के प्रति सहायक रुख जिसने ईएमआई की सुविधा बढ़ाई और देशभर में शादियों का जोरदार सीजन शामिल हैं। यह दर्शाता है कि वित्त वर्ष 26 की दूसरी छमाही में शुरू हुई संरचनात्मक मांग की गति नए वित्त वर्ष में भी बरकरार है। खासकर यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 4,07,355 यूनिट्स रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.21 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि है और यह अब तक का सबसे अच्छा अप्रैल रहा। इस श्रेणी की सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों ने शहरों को पीछे छोड़ दिया, जहां वाहन बिक्री में 20.40 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह वृद्धि 7.11 प्रतिशत रही, जो ग्रामीण बढ़त का लगभग तीन गुना है। यह छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों तक व्यक्तिगत गतिशीलता के संरचनात्मक विस्तार की पुष्टि करता है, इस छोटी कारों की वापसी, एसयूवी की लगातार मांग और सीएनजी (22.62 प्रतिशत) व ईवी (5.77 प्रतिशत) जैसे वैकल्पिक-इंजन वाले मॉडलों के समृद्ध मिश्रण का समर्थन मिला। यात्री वाहनों के बिना बिके स्टॉक का स्तर भी 28 से 30 दिनों की आपूर्ति सीमा में है, इस सकारात्मक माना जा रहा है। अप्रैल 2024 में दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री ने भी अपनी जोरदार रफ्तार बनाए रखी और 19 लाख यूनिट्स तक पहुंच गई, जो इस श्रेणी के लिए अब तक का सबसे अच्छा अप्रैल है। यहां मांग व्यापक रही, जिसमें शहरी बाजारों में 14.07 प्रतिशत और ग्रामीण बाजारों में 12.30 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री भी 99,339 यूनिट्स रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 15.02 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। आशीष दुबे / 06 मई 2026