चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके का गठबंधन खत्म हो गया है। यह बात पार्टी के एक्स पोस्ट से सामने आई है। इस राजनीतिक बदलाव के बीच टीवीके के प्रमुख विजय के लिए सरकार बनाने का रास्ता आसान हो गया है। टीवीके अध्यक्ष विजय ने औपचारिक रूप से कांग्रेस से समर्थन मांगा था, जिसके बाद तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस विधायक दल ने राज्य में सरकार गठन के लिए टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि उसका समर्थन पूरी तरह से बिना शर्त नहीं होगा। पार्टी ने कहा है कि टीवीके को इस गठबंधन में किसी भी ऐसी सांप्रदायिक ताकत को शामिल नहीं करेगी, जो भारतीय संविधान के मूल्यों में विश्वास नहीं रखती हो यह शर्त कांग्रेस की विचारधारा और उसकी धर्मनिरपेक्ष छवि को ध्यान में रखते हुए रखी गई है। इस नए राजनीतिक समीकरण के तहत कांग्रेस और टीवीके ने साथ मिलकर तमिलनाडु में एक स्थिर और जनहितैषी सरकार देने का संकल्प जताया है। वहीं, विजय और राहुल गांधी ने संयुक्त रूप से तमिलनाडु की जनता के जनादेश का सम्मान करने और खासकर युवाओं के सपनों को पूरा करने का वादा किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस और डीएमके के अलग होने से राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनेंगे, जिससे आने वाले समय में सियासी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है। फिलहाल, इस घटनाक्रम ने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को सत्ता के काफी करीब पहुंचा दिया है। सिराज/ईएमएस 06मई26