गुवाहाटी,(ईएमएस)। असम में हिमंत बिस्वा सरमा ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की और उन्हें इस्तीफा सौंपा। फिलहाल वह नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक सीएम के तौर पर कर करते रहेंगे। जानकारी के मुताबिक नई सरकार का शपथ समारोह 12 मई को होगा और इस आयोजन में पीएम नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के तमाम सीनियर नेता मौजूद रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि तीसरी बार हिमंत बिस्वा सरमा को ही सीएम का पद मिलने की संभावना है। सरमा ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद एक फिर से राज्य की जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि असम के लोगों ने हमारी सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने पीएम मोदी के प्रति अपना समर्थन जताया है। सरमा ने कहा कि राज्य में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में ही असम के नए मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा। बीजेपी इससे पहले मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे राज्यों में भी नेतृत्व को लेकर चौंका चुकी है। ऐसे में हिमंत बिस्वा सरमा रिपीट होंगे या नहीं यह अभी सवाल है। इसे लेकर स्पष्ट तौर पर कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि हिमंत ही रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। इसकी वजह यह है कि हिमंत बिस्वा सरमा की पिछले दो कार्यकालों में एक सख्त नेता की छवि बनी है। इसके अलावा हिंदुत्व के चेहरे के तौर पर भी उन्हें देखा जा रहा है। ऐसे में उन्हें नजरअंदाज कर पाना मुश्किल है। असम में यदि बीजेपी ने लगातार तीसरी बार सफलता हासिल की है तो उसका श्रेय भी सरमा को ही दिया जा रहा है। बता दें बंगाल में 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह होना है और शुक्रवार को सीएम चुनने के लिए विधायक दल की बैठक होगी। बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के अलावा समिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष समेत कई नेताओं को रेस में माना जा रहा है। यहां तक कि रूपा गांगुली और अग्निमित्रा पॉल जैसी महिला नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। सिराज/ईएमएस 06मई26