राष्ट्रीय
06-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर आज गुरुवार को दोनों रनवे 6 घंटे के लिए बंद रहेंगे। इस दौरान सभी उड़ान सेवाएं पूरी तरह स्थगित रहेंगी। जानकारी के अनुसार, सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रनवे की मरम्मत और रखरखाव का काम किया जाएगा। बताया गया है कि यह काम मानसून से पहले होने वाली नियमित तकनीकी जांच का हिस्सा है। मुंबई एयरपोर्ट के दोनों रनवे ‘आरडब्ल्यूवाय 09/27’ और ‘आरडब्ल्यूवाय 14/32’ इस अवधि में उपयोग के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। दरअसल हर साल बारिश से पहले रनवे पर पानी जमा न हो, सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित हो और तकनीकी खामियों से बचाव के लिए यह मेंटेनेंस किया जाता है। इसमें रनवे की लाइटिंग, ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और सतह की मरम्मत जैसे कार्य शामिल हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि इस मेंटेनेंस की जानकारी पहले ही एयरलाइंस को दे दी गई थी, ताकि वे अपनी उड़ानों का शेड्यूल बदल सकें। 7 मई को यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति जानने के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें या उनकी आधिकारिक वेबसाइट चेक करें। शाम 5 बजे के बाद एयरपोर्ट का संचालन सामान्य रूप से फिर शुरू हो जाएगा। संजय/संतोष झा- ०६ मई/२०२६/ईएमएस