लखनऊ (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के हालिया चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगाते हुए उच्चतम न्यायालय से इस मामले का संज्ञान लेने और इस राज्य में हुई मतगणना के सीसीटीवी फुटेज पूरे देश के सामने जारी करने की मांग की। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा नेताओं, अधिकारियों, कारोबारियों और ठेकेदारों का ‘बहु-स्तरीय चुनावी माफिया’ पश्चिम बंगाल में अपना ‘खेल’ करने के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव में किसी नयी योजना के साथ काम करेंगे। बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बंगाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर धांधली किये जाने और बड़ी संख्या में वोट काटे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि उच्चतम न्यायालय तत्काल संज्ञान ले और बंगाल की मतगणना के सीसीटीवी फुटेज पूरे देश के सामने उपलब्ध कराये जाएं। उन्होंने कहा कि जब अदालतों की कार्यवाही का सजीव प्रसारण हो सकता है तो मतगणना की प्रक्रिया का क्यों नहीं। उन्होंने पिछले कई विधानसभा चुनावों और उपचुनावों में हार-जीत के अंतर के आंकड़ों के ग्राफ पेश करते हुए निर्वाचन आयोग पर पक्षपात के गम्भीर आरोप लगाये तथा कहा कि पश्चिम बंगाल में जो हुआ है, उसे समाजवादी लोग उत्तर प्रदेश में पहले ही भोग चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की 143 विधानसभा सीट पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 20-20 हजार से ज्यादा वोट काटे गये तथा उनमें से 91 सीट भाजपा जीत गयी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यूपी में चार करोड़ वोट कट जाने सम्बन्धी पहले के एक बयान की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आपको याद होगा कि यहां भाजपा के लोग घबरा गए थे, जब उनका वोट कटा और कहा कि हमारा चार करोड़ वोट कट गया। आखिर उन्हें कैसे पता कि उन्हीं का वोट कट गया है। इसका मतलब यह है कि बंगाल में जो-जो अनुभव इन्होंने प्राप्त किया है, उससे भी बड़ा कोई काम यह उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में करेंगे। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी कीऐतिहासिक जीत होने का भरोसा जताते हुए कहा कि वर्ष 2027 में ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) ऐतिहासिक जीत हासिल करने जा रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता चुनाव लड़ेगी, कार्यकर्ता चुनाव लड़ेगा और हमारा संगठन चुनाव लड़ेगा। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का एक दफ्तर जलाए जाने और उसके कार्यकर्ताओं से मारपीट किए जाने की घटना से संबंधित एक सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा जो कर रही है वह लोकतंत्र को कमजोर करने वाला है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अगर किसी पार्टी की नयी सरकार बनती है तो क्या आप पूर्ववर्ती सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं की जान ले लेंगे? क्या आप कार्यालय जला देंगे? दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा विश्व को क्या सीख दे रही है? जितेन्द्र 06 मई 2026