इन्दौर (ईएमएस) नवकार महामंत्र के 68 अक्षरों की महत्ता पहली बार द्वारकापुरी स्थित शीतलनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर में आयोजित 25वें ध्वजारोहण महोत्सव के दौरान एलईडी के माध्यम से बताई गई। जिसमें हजारों श्रावकों ने 68 तीर्थों की भाव यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आयोजित धर्मसभा में उपस्थिति श्रावकों को योगरुचि विजय मसा. ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि, नवकार महामंत्र के 68 अक्षर जीवन की दशा, दिशा और सोच बदलने में सक्षम है। इस महामंत्र में 68 तीर्थों की महिमा का समावेश है जो जीवन को श्रेष्ठ गुणों की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। यह धरोहर नई पीढ़ी को समाज और धर्म संस्कृति मजबूत करने को प्रेरित करती है। धर्मसभा में वर्धमान तपोनिधि प्रियदर्शन विजय मसा एवं नंदिरुचि विजय मसा की निश्रा भी मिली। महोत्सव के तृतीय सोपान पर गुरुदेव के सान्निध्य में बड़ी स्नात्र महापूजा एवं महिला मंडल द्वारा महाचौबीसी हुई। इस ध्वजारोहण महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम कल 8 मई को गुरुदेव की निश्रा में विधिकर्ता आशीष जैन (जावरा) के निर्देशन में स्नात्र पूजन के बाद मंदिर के शिखर पर 25 वां ध्वजारोहण होगा। कार्यक्रम के संयोजक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय नाहर, उपाध्यक्ष सुशील कुकड़ा एवं सचिव चेतन भंडारी है। आनंद पुरोहित/ 06 मई 2026