राष्ट्रीय
06-May-2026


* अहमदाबाद बना विदेशी निवेश का प्रमुख केंद्र, अप्रैल–दिसंबर 2025 में 44 हजार करोड़ से अधिक निवेश आकर्षित गांधीनगर (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात ‘विकसित भारत’ के लिए ‘विकसित गुजरात’ के मंत्र के साथ प्रगति के नए शिखर पार कर रहा है। भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) द्वारा घोषित ताजे आँकड़ों के अनुसार प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्राप्त करने में गुजरात देशभर में तीसरे स्थान पर रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 के नौ महीनों की समयावधि के दौरान गुजरात ने लगभग 44,041.7 करोड़ रुपए का भारी विदेशी निवेश आकर्षित करने में सफलता पाई है। इन आँकड़ों से निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि गुजरात देश के टॉप 3 राज्यों में अपना स्थान बनाए रखते हुए विदेशी निवेश के लिए सुरक्षित एवं प्रगतिशील गंतव्य सिद्ध हुआ है। इस समयावधि के दौरान राज्य में आए एफडीआई में आधे से अधिक यानी लगभग 52 प्रतिशत हिस्सा अकेले अहमदाबाद जिले का है। गुजरात ने केवल अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 के तीन महीनों के दौरान ही 24,716 करोड़ रुपए का एफडीआई प्राप्त किया है, जिसमें सर्वाधिक 23,699 करोड़ रुपए का एफडीआई अहमदाबाद में प्राप्त हुआ है। यह दर्शाता है कि अहमदाबाद वैश्विक स्तर के बिजनेस सेंटर के रूप में उभर आया है। दूसरे स्थान पर गांधीनगर में 590 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश आया है। गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी राज्य में विदेशी निवेश लाने में एक महत्वपूर्ण उद्दीपक के रूप में काम कर रही है। इसके अलावा खेडा, कच्छ, मेहसाणा, पंचमहाल, राजकोट, सूरत, सुरेन्द्रनगर, वडोदरा, आणंद तथा नवसारी आदि जिले भी एफडीआई आकर्षित करने में सफल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2000 से दिसंबर 2025 तक यानी 25 वर्षों के दौरान गुजरात ने 3,91,613 करोड़ रुपए एफडीई प्राप्त किया है, जो देश में आए कुल एफडीआई का 15 प्रतिशत से अधिक होता है। राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, गिफ्ट सिटी तथा धोलेरा एसआईआर जैसे प्रोजेक्ट्स के कारण आगामी वर्षों में यह निवेश और भी बढ़ने की प्रबल संभावना है। राज्य सरकार की प्रोत्साहक नीतियों के कारण विशेषकर सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनज्री, डेटा सेंटर्स, फार्मा तथा रक्षा जैसे भावी क्षेत्रों में निवेशकों ने विशेष रुचि दिखाई है। उद्योग जगत के अग्रणी भी गुजरात की प्रो-एक्टिव सरकारी नीतियों की प्रशंसा कर रहे हैं। राज्य में इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के कारण परंपरागत क्षेत्रों के साथ सनराइज सेक्टर्स में भी बड़े अवसर सृजित हुए हैं। गुजरात सरकार इस गति को बरकरार रखने तथा आगामी समय में एफडीआई क्षेत्र में पहला स्थान हासिल करने के लिए कटिबद्ध है। राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण एवं नई उद्योग नीतियाँ आगामी दिनों में रोजगार के और अवसर सृजित करेंगे तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाई पर ले जाएंगे। सतीश/06 मई