- शांता देवी कमल भंडारी मेमोरियल चैंपियनशिप : नन्ही मिशिता ने जीता दिल, 18-21 से पिछड़ने के बाद हर्ष ने पलटा पासा :: इंदौर (ईएमएस)। नेहरू स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट पर रविवार को नन्हे शटलर्स के जज्बे और जुनून का ऐसा संगम दिखा, जिसने इंदौर को बैडमिंटन के उज्ज्वल भविष्य से रूबरू करा करा दिया। इंदौर डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित शांता देवी कमल भंडारी मेमोरियल सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबलों में मांडवी गांधी, ओमिशा मेहता, हर्ष वर्धन सिंह, आरवराज सिंह बग्गा, अद्वैत पाटीदार, पहल चडोकर, मिशिता शर्मा और आरव कश्यप ने अपनी श्रेणियों में श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए जिला विजेता बनने का गौरव हासिल किया। टूर्नामेंट में मांडवी, ओमिशा और हर्ष ने दोहरे स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बादशाहत साबित की। टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मुकाबला बालक अंडर-13 एकल के फाइनल में देखने को मिला। यहाँ हर्ष वर्धन सिंह ने अद्वैत पाटीदार के विरुद्ध पहला सेट 18-21 से गंवाने के बाद जबरदस्त मानसिक दृढ़ता दिखाई और अगले दो सेट 21-19, 21-10 से जीतकर खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग में मांडवी गांधी ने अंडर-15 एकल के फाइनल में रिद्धिमा सूद को सीधे सेटों में 21-17, 21-18 से पराजित किया। मांडवी ने इसके बाद ओमिशा मेहता के साथ जोड़ी बनाकर बालिका युगल का खिताब भी जीता। ओमिशा ने खुद को साबित करते हुए अंडर-13 एकल के फाइनल में पहल चडोकर को 21-16, 21-14 से हराकर अपनी दोहरी सफलता पूरी की। अंडर-15 बालक एकल में आरवराज सिंह बग्गा ने शोभित गुप्ता को 21-13, 21-06 से पस्त कर स्वर्ण पदक जीता। अंडर-11 वर्ग में पहल चडोकर और अद्वैत पाटीदार ने शानदार फुटवर्क का प्रदर्शन करते हुए खिताब जीते। वहीं, महज 9 वर्ष की मिशिता शर्मा टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खोज रहीं; उन्होंने बालिका अंडर-9 के फाइनल में काशवी कुशवाहा को 21-10, 21-02 के भारी अंतर से हराकर दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। बालक अंडर-9 में आरव कश्यप ने सुचाये देव को हराकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मप्र उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला थे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां प्रदान करते हुए कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक दृढ़ता भी आती है। विशिष्ट अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सीमा बापना (भंडारी) ने कहा कि समर्पण और तकनीक का सही मेल ही खिलाड़ी को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाता है। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शेखर भंडारी, केतन भंडारी, रजनीश जैन, श्वेतांक वर्मा, कमलप्रीत कौर नैय्यर, श्रेया भंडारी एवं धर्मेश यशलाहा सम्मिलित हुए। अतिथियों का स्वागत एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल भंडारी व मानद सचिव आर.पी. सिंह नैय्यर ने किया। मांडवी गांधी ने भी शालीनता के साथ अतिथियों का अभिवादन किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुधांशु व्यास ने किया एवं आभार प्रदर्शन मनीष त्रिवेदी द्वारा किया गया। अंत में आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने वाले निर्णायकों (अंपायरों) को भी सम्मानित किया। प्रकाश/06 मई 2026