क्षेत्रीय
06-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस ) । बारिश पूर्व शहर के प्रमुख नालों की सफाई का अभियान तेज हो गया है। नगर पालिका इस बार नाला सफाई के लिए औपचारिकता न निभाते हुए सालों से अतिक्रमण के चलते बंद पड़े नालों को ओपन भी करवा रही है। बुधवार को एसडीएम वीरेंद्र कटारे, सीएमओ कमला कौल, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी के नेतृत्व में बस स्टेंड क्षेत्र सहित शहर की घनी आबादी वाले इलाके छोटी मोहन टॉकिज क्षेत्र में नाला सफाई अभियान शुरु किया गया। यहां आजाद नगर से गौशाला मार्ग तक करीब 1 किमी लंबा नाला अतिक्रमण मुक्त करने के बाद साफ किया गया। नगर पालिका स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते ने बताया शहर के छोटी मोहन टॉकीज एवं बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानदारों एवं व्यापारियों द्वारा नालियों पर अतिक्रमण किया हुआ था। नाले बंद होने से सफाई कार्य प्रभावित होता था। बार- बार जलजमाव एवं सफाई नही होने की शिकायतों को देखते हुए प्रशासनिक सहयोग से इन नालों को अतिक्रमण मुक्त कर सफाई करवाई जा रही है। ईएमएस / 06/05/2026