- परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही और गलत ब्लड चढ़ाने का आरोप गुना (ईएमएस)। जिला चिकित्सालय के प्रसूति वार्ड में एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। दरअसल बीनागंज क्षेत्र के ग्राम पिपलिया की रहने वाली पूजा भील की प्रसव के दौरान हुई मृत्यु ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़ेे कर दिए हैं। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने और गलत तरीके से ब्लड चढ़ाने का संगीन आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पूजा को प्रसव पीड़ा होने पर 5 मई की शाम करीब 7 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि भर्ती होने के बाद से ही पूजा की हालत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ और डॉक्टरों ने इलाज में आवश्यक तत्परता नहीं दिखाई। डॉक्टरों ने जांच के बाद शरीर में खून की कमी होना बताया और खून चढ़ाने की सलाह दी। 6 मई की शाम करीब 5:30 बजे जब पूजा को ब्लड चढ़ाया गया, तो उसके मात्र 20 मिनट बाद ही उसकी जान चली गई। परिजनों का सीधा आरोप है कि ब्लड चढ़ाने की प्रक्रिया में तकनीकी चूक हुई या गलत खून चढ़ाया गया, जिससे पूजा की असमय मृत्यु हो गई। महिला की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में तनाव व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में परिजन व ग्रामीण एकत्रित हो गए। पीडि़त परिवार का कहना है कि अगर समय रहते सही इलाज मिलता और ब्लड चढ़ाते समय सावधानी बरती जाती, तो पूजा की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पीडि़त परिवार न्याय की मांग कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगा रहा है। । - सीताराम नाटानी