खेल
07-May-2026


चंडीगढ़ (ईएमएस)। पंजाब के पूर्व क्रिकेटर अमनप्रीत सिंह गिल का बुधवार को निधन हो गया। पूर्व अंडर-19 टीम में शामिल रहे 36 साल के अमनप्रीत की अचानक हुई मौत से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गयी। मौत के कारणों का हालांकि अभी खुलासा नहीं हुआ है। इस क्रिकेटर ने पंजाब की ओर से छह प्रथम श्रेणी मैचों में 11 विकेट लिए थे। वह आईपीएल सत्र में पंजाब किंग्स इलेवन में भी शामिल रहे हैं। खेल से संन्यास के बाद वह पंजाब की सीनियर चयन समिति में सदस्य के तौर पर अपनी सेवाएं देने लगे। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) ने भी उनके निधन की जानकारी देते हुए लिखा कि, “पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन पूर्व क्रिकेटर और सीनियर चयन समिति के सदस्य अमनप्रीत के दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है। हमारी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे।” वहीं आईपीएल टीम पंजाब किंग्स ने भी अमनप्रीत के निधन पर शोक जताया है। इसके अलावा भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंड युवराज सिंह ने भी अमनप्रीत के निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। युवराज ने कहा “अमनप्रीत सिंह के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। हमने शुरुआती दिनों में ड्रेसिंग रूम साझा किया था, वह एक शांत और मेहनती क्रिकेटर थे जिन्हें खेल से बहुत लगाव था। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।”अमनप्रीत ने 2007 में भारत के लिए पांच यूथ वनडे और एक यूथ टेस्ट मैच खेला था. टेस्ट प्रारूप में उनके नाम एक विकेट है। ईएमएस 07मई 2026