रायगढ़(ईएमएस)। जिले के चिराईपानी गांव में सुबह एक कोटरी (वन्यजीव) जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंच गया, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से वन्यजीव की जान बचाई जा सकी। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे भटका हुआ कोटरी गांव के अंदर घुस आया था। उसे देखते ही आवारा कुत्तों ने घेरकर उस पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए घायल कोटरी भागते हुए ग्रामीण मनोज डनसेना के घर के आंगन में जा घुसा। हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को वहां से खदेड़ा और कोटरी को सुरक्षित किया। हमले में उसके पिछले पैर में गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने घायल कोटरी का प्राथमिक उपचार किया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे सुरक्षित रूप से देलारी के जंगलों में वापस छोड़ दिया गया। गौरतलब है कि पिछले महीने भी देलारी क्षेत्र में पानी की तलाश में आए एक वन्यजीव का ग्रामीणों द्वारा शिकार कर मांस बांटने का मामला सामने आया था, जिससे वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 मई 2026