गुना (ईएमएस)। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में नेशनल हाईवे-46 पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। बायपास तिराहे पर आयोजित इस आंदोलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। जयवर्धन सिंह गुना की ओर से ट्रैक्टर चलाकर धरना स्थल पहुंचे, जहां उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया और नारेबाजी शुरू हो गई। कांग्रेस नेताओं और किसानों ने हाईवे पर बैठकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। धरना स्थल पर बमोरी विधायक सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर एडीएम, एसडीएम, एएसपी, सीएसपी सहित आधा दर्जन से अधिक थानों के थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस का धरना निर्धारित समय से करीब एक घंटे देरी से शुरू हुआ, लेकिन जयवर्धन सिंह के पहुंचने के बाद आंदोलन ने तेज रूप ले लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान आज खाद, बिजली, पानी, फसल भुगतान और खरीदी व्यवस्था जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार उसकी सुनवाई नहीं कर रही। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मंडियों में तौल में कटौती, रिजेक्ट के नाम पर किसानों का शोषण और भुगतान में देरी ने किसानों को कर्ज और आर्थिक संकट में धकेल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डीएपी और यूरिया खाद की किल्लत तथा ऑनलाइन व्यवस्था की जटिलता से छोटे और गरीब किसान परेशान हैं। 2 बीघा पर 1 कट्टा खाद जैसी व्यवस्था किसानों के साथ अन्याय है। नेताओं ने ई-उपार्जन प्रक्रिया को सरल बनाने, ऑफलाइन विकल्प शुरू करने, गेहूं खरीदी का भुगतान 7 दिन में सुनिश्चित करने, फसल बीमा का समय पर मुआवजा देने और केसीसी ऋण की अवधि बढ़ाने की मांग उठाई। वक्ताओं ने यह भी कहा कि बिजली कटौती और सिंचाई संकट ने खेती को घाटे का सौदा बना दिया है। किसान सम्मान निधि की राशि समय पर नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। कांग्रेस ने मांग की कि मंडियों में छाया, पेयजल, भोजन और तौल की बेहतर व्यवस्था की जाए तथा खाद वितरण प्रक्रिया को सरल बनाकर खुले बाजार से भी किसानों को खाद लेने की अनुमति दी जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।।-सीताराम नाटानी