क्षेत्रीय
07-May-2026


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुरा तालाब के पास महिला से छेड़छाड़ और उसके पति के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता द्वारा घटना के दौरान आरोपियों की तस्वीरें खींच लेने से जांच में अहम मदद मिली। जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पति के साथ सक्ती जिले से बाइक पर रायगढ़ लौट रही थी। इसी दौरान बैसपाली के पास उनकी बाइक खराब हो गई, जिसके बाद दोनों पैदल ही वाहन को धकेलते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी बीच कुसमुरा तालाब के पास महिला के रुकने पर कार सवार चैतन्य राणा और उत्तरा कुमार श्रीवास (निवासी कुसमुरा) वहां पहुंचे और उसे अकेला देख अशोभनीय हरकतें करने लगे। महिला की आवाज सुनकर जब उसका पति बीच-बचाव के लिए आया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान महिला ने साहस दिखाते हुए अपने मोबाइल से दोनों आरोपियों की तस्वीरें ले लीं, जो बाद में पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुईं। शिकायत मिलने पर कोतरारोड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर धारा 75(2), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत जांच शुरू की। पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों के आधार पर पुलिस ने कुसमुरा गांव में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 मई 2026