क्षेत्रीय
07-May-2026


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब तीन युवकों द्वारा बीच सड़क पर तलवार लहराकर राहगीरों को डराने का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, चक्रधर नगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम दोपहर के समय क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पंडरीपानी रेलवे पुल के पास मेन रोड पर एक स्कॉर्पियो वाहन खड़ा है, जिसमें सवार तीन युवक हाथों में तलवार लेकर खुलेआम लोगों को धमका रहे हैं और दहशत फैला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, तीनों युवक पकड़ लिए गए। पुलिस की अचानक कार्रवाई से आरोपी भागने का मौका भी नहीं पा सके। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल चौहान (32 वर्ष, छोटे अतरमुड़ा), घनश्याम नायक (19 वर्ष, जामपाली) और सदानंद पटेल (26 वर्ष, जामपाली, थाना पुसौर क्षेत्र) के रूप में हुई है। तीनों युवक एक ही स्कॉर्पियो वाहन में सवार थे और उसी से आकर सड़क किनारे हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने मौके से लोहे की धारदार तलवार और आरोपियों की चारपहिया वाहन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बारी-बारी से तलवार लहराकर राहगीरों को डराने का काम कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की हरकतें गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं और सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 मई 2026