नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सरकार आग की घटनाओं को रोकने के लिए फायर फाइटिंग मास्टर प्लान तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दो टूक शब्दों में कहा है कि आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित सभी विभागों को हर स्तर पर सशक्त, जवाबदेह और सक्रिय बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई के लिए कोई स्थान न बचे दिल्ली सरकार आग की घटनाओं को रोकने के लिए फायर फाइटिंग मास्टर प्लान तैयार कर रही है। हाल ही में हुए विवेक विहार अग्निकांड के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे मात्र 10 दिनों के भीतर आग की घटनाओं के कारणों, जोखिम वाले क्षेत्रों, मौजूदा व्यवस्थाओं की खामियों और ठोस निवारक उपायों को शामिल करते हुए एक विस्तृत ब्लू प्रिंट तैयार करें और उनके सामने प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी कहा कि आग की घटनाओं से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए भी त्वरित और प्रभावी कदम उठाएं। दरअसल, मुख्यमंत्री ने आग की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बुधवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई। दिल्ली सचिवालय में आयोजित इस अहम बैठक में गृह एवं ऊर्जा मंत्री आशीष सूद, मुख्य सचिव राजीव वर्मा, अग्निशमन विभाग, दिल्ली नगर निगम, डीडीएमए, बिजली व अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में राजधानी में आग की घटनाओं के मौजूदा परिदृश्य, चुनौतियों और उनके स्थायी समाधान को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा है कि आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित सभी विभागों को हर स्तर पर सशक्त, जवाबदेह और सक्रिय बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई के लिए कोई स्थान न बचे। उन्होंने राजधानी में हाल के दिनों में हुई आग की घटनाओं पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ....../नई दिल्ली/ ईएमएस/07/मई /2026