07-May-2026
...


- जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण करने दुर्गापुर पहुंचे कलेक्टर प्रगणकों को दिए जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने के निर्देश दतिया ( ईएमएस ) | जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 1 मई से 30 मई तक हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य घर-घर जाकर किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने ग्राम दुर्गापुर क्षेत्र का भ्रमण कर जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वानखड़े ने प्रगणकों से चर्चा कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा सर्वे प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से भी संवाद किया और पूछा कि जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या समस्या तो नहीं आ रही है। कलेक्टर ने प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक परिवार की सही एवं तथ्यात्मक जानकारी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की योजनाओं, संसाधनों के वितरण एवं विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को तकनीक आधारित बनाया गया है। प्रगणक मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा दर्ज कर रहे हैं। सर्वे के दौरान परिवार के मुखिया का नाम, मकान की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं एवं परिसंपत्तियों से संबंधित 33 बिंदुओं पर जानकारी संकलित की जा रही है। जनगणना-2027 के प्रथम चरण में पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई गैस, इंटरनेट सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं की जानकारी भी एकत्र की जा रही है, जिससे भविष्य में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनहितकारी नीतियों के निर्माण में सहायता मिल सकेगी।