07-May-2026
...


शिवपुरी ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा जिलाधिकारियों के दल के साथ जनजाति बाहुल्य ग्राम अहेरा में रात्रि चौपाल कार्यक्रम के दौरान जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों से रूबरू हुए। कलेक्टर व अधिकारियों के दल का उतरते ही ग्रामीणों ने स्वागत किया। शिविर में और आसपास के क्षेत्र के गांवों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित 52 लिखित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण तुरंत कराया और शेष आवेदनों का निराकरण करने का विश्वास दिलाया। कलेक्टर श्री वर्मा ने ग्राम पंचायत एसवाया के ग्राम अहेरा एवं मुड़खेड़ा में क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग पर आधार अपग्रेडेशन के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए सूची तैयार कर तहसीलदार को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अधिकारियों को 20 मई तक ग्राम पंचायत एसवाया क्षेत्र के गांवों का भ्रमण कर पेयजल योजना का गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और सभी गांवों, मजरे-टोलों में हर घर तक नल पाइपलाइन से जल पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर में ग्रामीणों को जल संरक्षण व जल संचय के लिए समझाइश दी गई। पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई। जनसमस्या निवारण शिविर में किया हितलाभ का वितरण कलेक्टर श्री वर्मा ने जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। जिसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा 41 मरीजों के ओपीडी, 15 रोगियों की जांच एवं 26 एक्सरे किए गए। राजस्व विभाग द्वारा बालकिशन, ममता एवं गजब सिंह आदिवासी को नामांतरण का वितरण किया गया। ठाकुरलाल, सुमरन एवं कल्लू आदिवासी को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सामलिया पुत्र अमरलाल को पट्टा अमल का वितरण किया गया। कमलफूल आदिवासी को मिला अनुग्रह सहायता राशि का लाभ कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कमलफूल आदिवासी को संबल योजना के अंतर्गत दी जाने वाली दो लाख रूपए की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र का वितरण किया। जिस पर कमलफूल आदिवासी ने कलेक्टर श्री वर्मा को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया। पशुपालन विभाग द्वारा शिविर में 07 भैंसो का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। आधार कैम्प भी लगाया गया जनसमस्या निवारण शिविर में आधार कैम्प का आयोजन भी किया गया। जिसमें 14 व्यक्तियों का आधार कार्ड का अपडेशन का कार्य किया गया एवं 04 नए आधार कार्ड भी बनाए गए। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी व्यक्तियों को शिविर में उनके आधार कार्ड का वितरण किया और गुरूवार को भी ग्राम मुड़खेड़ा में आधार शिविर लगाने के निर्देश दिए। शिविर में प्राप्त हुए 52 आवेदन पत्र जनसमस्या निवारण शिविर में 52 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। जिसमें खाद विभाग के 03 आवेदन प्राप्त हुए और तीनों का निराकरण मौके पर किया गया। आहार अनुदान के 7 आवेदन प्राप्त हुए, आदिम जाति के 02 आवेदन प्राप्त हुए राजस्व विभाग के 9 आवेदन प्राप्त हुए, उद्योग विभाग के दो आवेदन प्राप्त हुए, पंचायत एवं ग्रामीण विभाग के 07 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, स्वास्थ्य विभाग के 08 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, श्रम विभाग का 01 आवेदन प्राप्त हुआ, एसआरएलएम का एक आवेदन प्राप्त हुआ, कृषि विभाग के 05 आवेदन प्राप्त हुए एवं विद्युत विभाग का एक तथा अन्य 04 आवेदन प्राप्त हुआ। कुल 52 आवेदनों में से 40 का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदन पत्रों का समय सीमा में निराकरण का विश्वास दिलाया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, एसडीएम पोहरी अनुपम शर्मा सहित सभी जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व महिलाएं उपस्थित थीं।