क्षेत्रीय
07-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के प्रमुख आस्था केंद्र और ऐतिहासिक बजरंगगढ़ स्थित मां बीस भुजा देवी मंदिर को बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। चोरों ने न केवल मंदिर के गर्भगृह में सेंधमारी की, बल्कि वहां लगा कई क्विंटल वजनी लोहे का गेट भी तोड़ दिया। बदमाशों की यह दुस्साहसिक वारदात मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने माता के गर्भगृह का बेहद मजबूत और भारी लोहे का गेट (करीब 3-4 क्विंटल वजनी) तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुजारी के मुताबिक, बदमाशों का मुख्य उद्देश्य माता के आभूषण चुराना रहा होगा, जिसके लिए उन्होंने इतनी मशक्कत कर गेट उखाड़ा। मंदिर में लगी दान पेटियों के भी ताले तोड़े गए हैं। चूंकि हाल ही में चैत्र नवरात्रि के समय पेटियां खोली गई थीं, इसलिए नकद राशि की चोरी कम होने का अनुमान है। चोरों ने मंदिर के बाहर की दान पेटी के पैसे वहीं छोड़ दिए, जबकि अंदर वाली पेटी की पूरी राशि लेकर चंपत हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से बदमाश मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ गए और उनकी डीवीआर (रिकॉर्डर) भी अपने साथ ले गए। गेट की मजबूती को देखते हुए यह अंदेशा जताया जा रहा है कि इस वारदात में एक से अधिक लोग शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही बजरंगगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर में हुई इस घटना से श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है।-सीताराम नाटानी