सेंसेक्स 114 अंक गिरा, निफ्टी 24,326.65 पर फिसला मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को हल्की गिरावट पर बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी होने से आई हैं। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 114 अंक टूटकर 77,844.52 पर बंद हुआ जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 4.30 अंक नीचे आकर 24,326.65 पर बंद हुआ। आज सुबह गिफ्टी में कमजोरी दिख रही थी। बाजार में दिन भर उतार-चढ़ाव हावी रहा। लार्जकैप कंपनियों के शेयरों में दबाव को मिल रहा था जबकि मिडकैप स्टॉक्स में एक नई तेज़ी रही। . निफ्टी 50 की कंपनियों में सबसे ज़्यादा बढ़त एचडीएफसी लाइफ में देखने को मिली, जिसमें 3.15 फीसदी की बढ़त देखने को मिली. इसके बाद, बजाज ऑटो में 2.78 फीसदी बढ़त, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.12 फीसदी की बढ़त, ग्रासिम इंडस्ट्रीज में 1.58 फीसदी की तेज़ी और एनटीपीसी में 1.40 फीसदी की बढ़त रही। वहीं निफ्टी 50 की कंपनियों में सबसे ज़्यादा गिरावट क्वालिटी वॉल्स में 2.95 फीसदी की रही। इसके बाद, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.94 फीसदी की गिरावट, टीसीएस में 1.40 फीसदी की गिरावट, टेक महिंद्रा में 1.27 फीसदी की गिरावट और टाइटन कंपनी में 1.20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी। इससे पहले आज सुबह बाजार की कमजोर शुरुआत हुई। जापान के निक्केई और अमेरिकी शेयर बाजारों ने रिकॉर्ड नए स्तरों को छुआ, वहीं घरेलू बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में गिरावट पर दिखे। सुबह शुरुआत में सेंसेक्स 95 अंकों की गिरावट के साथ 77,862 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 16 अंक फिसलकर 24,314 पर पहुंच गया। आज एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 इंडेक्स जोरदार तेजी के साथ 5 फीसदी से अधिक चढ़कर पहली बार 62,000 के स्तर के पार पहुंच गया, जो एक नया रिकॉर्ड है। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि चीन का सीएसआई 300 इंडेक्स लगभग सपाट रहा जबकि बुधवार को अमेरिकी बाजारों में भी शानदार तेजी देखने को मिली थी, जिसमें डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 1.24 फीसदी , एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.46 फीसदी और नैस्डैक कंपोजिट 2.02 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 और नैस्डैक ने अपने नए रिकॉर्ड स्तर भी छुए थे। ईएमएस 07मई 2026