क्षेत्रीय
07-May-2026


आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, उपार्जन केंद्र एवं निर्माण कार्यों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार गुरुवार को एसडीएम पिपरिया आकिप खान द्वारा ग्राम सेमरीतला एवं धनाश्री का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, उपार्जन केंद्र एवं अन्य विकास कार्यों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। एसडीएम श्री खान ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दी जा रही सुविधाओं एवं पोषण आहार वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा केंद्र नियमित एवं समय पर संचालित किए जाएं। स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, उपस्थित स्टाफ एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों एवं मरीजों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए। उपार्जन केंद्रों के निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री खान ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए गुणवत्तापूर्ण अनाज खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया एवं तुलाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। भ्रमण के दौरान एसडीएम श्री खान ने ग्राम पंचायत भवन में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने ग्राम सेमरीतला में क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी भवन एवं ग्राम धनाश्री में स्वास्थ्य केंद्र भवन की छत की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य विभाग, पंचायत, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ईएमएस / /07,मई,2026