कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की निरंतर मॉनिटरिंग में योजनाओं के कार्य तेजी से हो रहे पूर्ण ग्राम दहलवाड़ा खुर्द में नल जल योजना पूर्ण होने पर मनाया गया जलोत्सव एवं निकाली गई कलश यात्रा नर्मदापुरम (ईएमएस)। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत नल जल योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिले में लगातार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से प्रारंभ हुए इस महत्वाकांक्षी अभियान में नर्मदापुरम जिला, मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में एक सशक्त सहभागी के रूप में उभर रहा है। जिले में 92 प्रतिशत से अधिक योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने हेतु निरंतर कार्यवाही जारी है। जल जीवन मिशन के माध्यम से अब ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है। गांवों में घर-घर नलों से स्वच्छ जल पहुंचने लगा है, जिससे महिलाओं और ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाने की समस्या से राहत मिली है। घर के आंगन में उपलब्ध स्वच्छ पेयजल ने ग्रामीणों के जीवन में सुविधा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी सुनिश्चित की है। शुद्ध जल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आ रही है तथा महिलाओं को समय की बचत होने से वे कृषि, स्वरोजगार एवं अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा की सतत मॉनिटरिंग एवं मार्गदर्शन में जिले में योजनाओं का कार्य तेजी से पूर्ण किया जा रहा है तथा योजनाओं के हस्तांतरण को ग्रामवासी उत्सव के रूप में मना रहे हैं। इसी उत्सव का उदाहरण बना जिले का ग्राम दहलवाड़ा। जिले के उपखंड पिपरिया अंतर्गत विकासखंड बनखेड़ी के ग्राम दहलवाड़ा खुर्द में नल जल योजना पूर्ण होने एवं ग्राम पंचायत को संचालन एवं संधारण हेतु हस्तांतरित किए जाने पर जलोत्सव एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। ग्रामवासियों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर योजना के सफल क्रियान्वयन पर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर पूरे गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली। कार्यक्रम में सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उपखंड पिपरिया रवि केलवा, केमिस्ट आराधना सोनी, टेक्नीशियन लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, टेक्नीशियन प्रफुल्ल भलाधरे, राम गोविंद चौबे, पुरुषोत्तम चौबे, राहुल मेहरा, सरपंच प्रतिनिधि मनोज राय सहित ग्रामवासी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने नल जल योजना के पूर्ण होने पर हर्षोल्लास के साथ जलोत्सव मनाया। ईएमएस / /07,मई,2026