07-May-2026
...


मण्डला (ईएमएस)। मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे-30 पर किकरा नाला के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय कपिल पट्टा के रूप में हुई है, जो छीरपानी का निवासी था। हादसे में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और हाईवे हेल्पलाइन 1033 को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस पायलट लेखराम यादव, ईएमटी आनंद मार्को और सहायक सुरजीत मौके पर पहुंचे। घायल युवक को गंभीर हालत में बिछिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बिछिया पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। - ईएमएस / 07/05/2026