07-May-2026
...


- 3 युवकों ने लात-घूंसों और चप्पलें मारीं, वीडियों आया सामने मण्डला (ईएमएस)। मंडला जिले के बिछिया बस स्टैंड पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला बुधवार को सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से पोस्ट हो रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात बिछिया थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े अंजाम दी गई। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तीन-चार युवक मिलकर लड़के को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीट रहे हैं। घटना के समय बस स्टैंड पर लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन किसी ने भी हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। लोग बीच-बचाव करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार की है। बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने बताया कि मारपीट करने वाले युवक और पीड़ित, सभी एक ही टेंट हाउस में काम करते हैं। उनके बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था। पुलिस ने यह भी पुष्ट किया है कि जिस युवक की पिटाई की गई है, वह नाबालिग है। नाबालिग पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। - ईएमएस / 07/05/2026