राज्य
07-May-2026


भोपाल (ईएमएस) । नामदेव समाज विकास परिषद के प्रांतीय चुनाव 17 मई 2026 को नामदेव समाज सामुदायिक भवन, प्लॉट नंबर 5, जवाहर चौक, भोपाल में आयोजित किए जाएंगे। परिषद के अध्यक्ष, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष पदों हेतु निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। नामदेव समाज विकास परिषद के आजीवन सदस्य जीवन नामदेव, शिवरतन नामदेव ने समाज के सभी आजीवन सदस्यों एवं मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि चुनाव में ऐसे योग्य, ईमानदार, कर्मठ, मिलनसार एवं दूरदर्शी व्यक्तित्वों का चयन किया जाए, जो समाज को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि समाज का नेतृत्व ऐसे व्यक्तियों के हाथों में होना चाहिए जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलें, समाज की एकता को मजबूत करें तथा केवल योजनाएं ही न बनाएं, बल्कि उन योजनाओं को धरातल पर उतारकर समाजहित में कार्य भी करें। शिवरतन नामदेव ने कहा कि समाज का सशक्त नेतृत्व वही होता है जो संगठन में समरसता, सहयोग एवं पारदर्शिता बनाए रखे। समाज के युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों एवं सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला नेतृत्व ही समाज को आगे बढ़ा सकता है। उन्होंने सभी आजीवन सदस्यों से आग्रह किया कि वे 17 मई 2026 को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने मताधिकार का उपयोग करें तथा ऐसे प्रत्याशियों को अमूल्य वोट प्रदान करें जो समाज सेवा की भावना से कार्य करने वाले हों। निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत 17 मई 2026 को परिषद की आमसभा आयोजित की जाएगी। यदि आम सहमति नहीं बनती है, तो उसी दिन दोपहर 1:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के उपरांत शाम 7:30 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी तथा परिणामों की घोषणा की जाएगी। इस चुनाव में परिषद के संरक्षक एवं आजीवन सदस्य मतदान करेंगे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 2000 से 2500 सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। आशीष पाराशर/07 मई2026