- ट्रॉमा सर्जरी में उत्कृष्ट योगदान को वैश्विक पहचान - एम्स भोपाल के डॉ. कृष्णा कुमार (सहायक प्रोफेसर, सामान्य शल्य चिकित्सा) को ट्रैवल स्कॉलर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। - यह सम्मान इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर ट्रॉमा सर्जरी एंड इंटेंसिव केयर (आईएटीएसआईसी) द्वारा दिया गया। - यह पुरस्कार इंटरनेशनल सर्जिकल वीक (आईएसडब्ल्यू 2026) के दौरान प्रदान किया गया। - यह आयोजन 51वें वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ सर्जरी (आईएसएस/एसआईसी) के तहत मेक्सिको सिटी में हुआ। - डॉ. कुमार को ट्रॉमा मैनेजमेंट, इमरजेंसी सर्जरी और सर्जिकल क्रिटिकल केयर में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान मिला। भोपाल (ईएमएस) । एम्स भोपाल लगातार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने और चिकित्सा क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में एम्स भोपाल के डॉ. कृष्णा कुमार (सहायक प्रोफेसर, सामान्य शल्य चिकित्सा) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्रैवल स्कॉलर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर ट्रॉमा सर्जरी एंड इंटेंसिव केयर (आईएटीएसआईसी) द्वारा इंटरनेशनल सर्जिकल वीक (आईएसडब्ल्यू 2026) के दौरान दिया गया। यह कार्यक्रम 51वें वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ सर्जरी (आईएसएस/एसआईसी) के अंतर्गत मेक्सिको सिटी में आयोजित हुआ था। डॉ. कृष्णा कुमार को यह सम्मान ट्रॉमा मैनेजमेंट, इमरजेंसी सर्जरी और सर्जिकल क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया है। सात वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने गंभीर रूप से घायल मरीजों के इलाज में उल्लेखनीय कार्य किया है। इस वैश्विक मंच पर उन्होंने अपने शोध कार्यों को प्रस्तुत किया और विभिन्न देशों के विशेषज्ञों के साथ मिलकर संसाधन-सीमित परिस्थितियों में बेहतर उपचार परिणाम सुनिश्चित करने के लिए नवाचारों पर चर्चा की। ट्रॉमा सर्जरी का संबंध सड़क दुर्घटनाओं, गिरने या अन्य गंभीर चोटों के इलाज से होता है। इस क्षेत्र में मिली यह अंतरराष्ट्रीय पहचान यह दर्शाती है कि एम्स भोपाल में गंभीर रूप से घायल मरीजों के इलाज के लिए बेहतर विशेषज्ञता और सुविधाएं उपलब्ध हैं। ईएमएस/07मई2026