07-May-2026
...


:: चुनावी घमासान : देवास-पीथमपुर में बैलट छीनने के दावों से सनसनी; प्रेस क्लब में प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज सोसाइटी के चुनाव अब अखाड़े में तब्दील होते नजर आ रहे हैं। आगामी 21 मई को न्यू डोनर श्रेणी के लिए होने वाले मतदान से पहले ही धांधली और बैलट पेपर की चोरी के आरोपों ने कॉलेज की फिजां में कड़वाहट घोल दी है। गुरुवार को इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में प्रत्याशियों ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रबंधन पर एकतरफा और असंवैधानिक कार्रवाई का आरोप जड़ा। न्यू डोनर कैटेगरी के प्रत्याशी राजेश अग्रवाल, नीरज देसाई और जयेश पटेल ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि चुनावी मैदान में उतरे दबंगों द्वारा सदस्यों से जबरन बैलट पेपर छीने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि देवास के नामचीन उद्योगपति शिव सिंह मेहता के कार्यालय में करीब 20-25 लोगों ने घुसकर उनकी मर्जी के खिलाफ बैलट पेपर छीन लिया। यही नहीं, पीथमपुर के तीन बंद कारखानों के पते पर भेजे गए बैलट भी पोस्टमैन से सांठगांठ कर हासिल कर लिए गए, जबकि नियमतः इन्हें वापस डाकघर जाना चाहिए था। :: संविधान को ताक पर रखने की कोशिश! प्रत्याशियों ने पूरी चुनाव प्रक्रिया की वैधता को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। उनका तर्क है कि जब 21 अप्रैल को चुनाव नोटिस जारी हुआ, तब पुराना संविधान प्रभावी था। नए संविधान को मंजूरी 24 अप्रैल को मिली, फिर चुनाव नए नियमों से क्यों कराए जा रहे हैं? आरोप है कि वर्तमान बोर्ड का कार्यकाल दिसंबर 2025 में ही खत्म हो चुका है, फिर भी पारदर्शिता को दरकिनार कर केवल एक ही श्रेणी में चुनाव कराए जा रहे हैं, जो ओल्ड डोनर्स के अधिकारों पर सीधा डाका है। :: साख पर सवाल : क्या निष्पक्ष होगा मतदान? प्रत्याशियों ने स्पष्ट किया कि 153 बैलट पेपर स्पीड पोस्ट से भेजे गए थे, जिनमें से कई के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने चुनाव अधिकारी और डेली कॉलेज सोसाइटी के सचिव की भूमिका पर भी सवाल उठाए। पूर्व छात्र और प्रत्याशी राजेश अग्रवाल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस तरह की अराजकता कॉलेज की गरिमा को धूमिल कर रही है। अब शहर की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या प्रशासन इस चुनावी सर्कस में हस्तक्षेप कर लोकतंत्र की बहाली करेगा या नहीं। प्रकाश/07 मई 2026