-4 --वार्ता करते व्यापारी हाथरस (ईएमएस)। मंडी परिसर में हुई चोरी की घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को हाथरस आढ़तिया एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल उपजिलाधिकारी एवं मंडी सभापति राज बहादुर और क्षेत्राधिकारी सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण से मिला और मंडी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।व्यापारियों ने कहा कि मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सुरक्षा के लिए लगाए गए संसाधन केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। दिनदहाड़े व्यापारी के यहां चोरी होने के बाद जब पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की तो अधिकांश कैमरे खराब मिले। इससे व्यापारियों में भारी रोष है।व्यापारियों का कहना था कि मंडी परिसर में तैनात गार्ड अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करते और न ही नियमित गश्त होती है। इसी का फायदा उठाकर चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी मंडी सचिव की ओर से खराब कैमरों को ठीक कराने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया गया।प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मांग की कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में व्यापारियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों। अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा और मंडी की सुरक्षा व्यवस्था व बुनियादी सुविधाओं को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।इस दौरान प्रवीण वार्ष्णेय, उमाशंकर वार्ष्णेय, अरुण कुमार अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय, अंकुर अग्रवाल, योगेंद्र वार्ष्णेय, भीकमबर सिंह, सौरव अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, विनोद शर्मा, राकेश गुप्ता, नरेंद्र बंसल, कुलदीप, अमर शर्मा, मनोज, शिवशंकर गुलाटी, दीपक वार्ष्णेय, मयूर अग्रवाल, भानु प्रकाश, मनीष अग्रवाल, विशन गुप्ता, पिन्नीलाल, अमित अग्रवाल, मुकेश बंसल, ऋतिक बंसल, पीयूष अग्रवाल, लक्ष्मण खंडेलवाल और प्रमोद शर्मा सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे। ईएमएस/मोहने/ 07 मई 2026