राज्य
07-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल की ओर से मार्च 2026 में आयोजित कक्षा 10वीं परीक्षा का रिजल्ट आज यानी 8 मई को दोपहर 1 बजे ऑनलाइन घोषित किया जाएगा। बोर्ड ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस वर्ष करीब 16 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनका इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे। रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और मां का नाम दर्ज करना होगा। रिजल्ट जारी होने के बाद जिन छात्रों को अपने अंकों को लेकर संदेह होगा, वे ऑनलाइन माध्यम से री-चेकिंग और उत्तर पुस्तिका की कॉपी के लिए आवेदन कर सकेंगे। यह प्रक्रिया रिजल्ट जारी होने के अगले दिन से शुरू होगी। वहीं ऑनलाइन रिजल्ट देखने के बाद उसकी प्रिंट कॉपी या पीडीएफ सुरक्षित रखें। यह अस्थायी प्रवेश प्रक्रिया में काम आ सकती है। रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण सर्वर धीमा पड़ सकता है, इसलिए छात्रों को घबराने की बजाय कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करने की सलाह दी गई है। इस वर्ष छात्रों को डिजीलॉकर पर भी डिजिटल मार्कशीट उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, जो छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए जुलाई-अगस्त में पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी, ताकि उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो। स्वेता/संतोष झा- ०७ मई/२०२६/ईएमएस