क्षेत्रीय
07-May-2026
...


- रेकी कर वारदात को अंजाम देता था गिरोह - चोरी के जेवरात खरीदने वाले ज्वैलर्स पर भी कसा शिकंजा भोपाल(ईएमएस)। शहर की बागसेवनिया थाना पुलिस ने सूने मकानो की रेकी कर चोरी की वारदातो को अंजाम देने वाले गिरोह को दबोचा है। आरोपियो के कब्जे से चोरी किये गये सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 12 लाख का माल जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियो ने अपने दोस्त के मकान से ही कीमती जेवरात उड़ा दिये थे। थाना प्रभारी बागसेवनिया निरीक्षक अमित सोनी से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अमराई परिसर निवासी फरियादी रितेश मालवीय पिता फूल सिंह मालवीय (43) ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया की वह एम्स भोपाल में नौकरी करता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पत्नी बबीता मालवीय के सोने का हार, हाथ का ब्रेसलेट, एक जोड़ कान के झुमके, छोटो और बड़ा मंगलसूत्र, एक पांचाली, एक जोड़ कान के टॉप्स, दो सोने के कंगन, एक माथे का टीका, तीन सोने की हाय, एक सगाई में मिली सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल समेत अन्य जेवर गायब है। यह सारे जेवरात रितेश मालवीय की पत्नी को उनकी दिवंगत मां की तरफ से मिले थे। उन्होनें पुलिस को यह भी बताया की उनके परिवार में पत्नी बबीता, बेटे यश और वंश रहते हैं, घर पर साले केशव शर्मा और उसकी पत्नी का आना जाना बना रहता है। फरियादी ने घर पर आने वाले बेटे के दोस्तो पर चोरी करने का संदेह जताया था। मामला दर्ज पुलिस ने जॉच शुरु की। - 50 सीसीटीवी खंगाले, बेटे के दोस्त निकले चोर टीम ने आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाले। हाथ लगे सुरागो के आधार पर पुलिस ने फरियादी के बेटे के दोस्तो प्रदीप मण्डल, निशांत विश्वकर्मा, रवि और तनिष्क को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियो ने खुलासा किया की दोस्त का मकान सुना होने पर उन्होनें मौका पाकर कीमती माल चोरी किया था, इसमें कई जेवरात उन्होनें घर में छिपाकर रखे है, और कुछ जेवारात श्री बालाजी ज्वेलर्स बागसेवनिया शरद सोनी को बेच दिये है। खुलासे के बाद टीम ने आरोपियो की निशानदेही पर उनके घरो और ज्वेलर्स शरद सोनी के यहां से चोरी गया माल जप्त कर लिया। मामले में पुलिस ने ज्वैलर्स को भी आरोपी बनाया है। गिरोह का आरोपी प्रदीप मण्डल कबाङे का काम करता है, और कबाङे की आड़ मे घूम-फिर कर सूने मकानों की रेकी करता और मौका पाकर सभी दोस्त चोरी को अंजाम देते थे। जुनेद / 7 मई