भोपाल(ईएमएस)। देहात थाना इलाके की ईटखेड़ी पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में फरार आदतन बदमाश को 10 पेटी शराब और कार सहित गिरफ्तार किया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती 7 मई की रात थाना पुलिस को कस्बा ईटखेड़ी क्षेत्र में नाइट पैट्रौलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली की अचारपुरा मेन रोड हज्जामपुरा के सामने एक संदिग्ध सिल्वर अल्टो कार में अवैध शराब रखकर उसे बेचने की फिराक में खड़ा है। खबर मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर युवक को धर दबोचा। कार की तलाशी लेने पर उसमें साढ़े 90 हजार कीमत की तीन पेटी अवैध शराब रखी मिली। पूछताछ में आरोपी की पहचान असद खान उर्फ चीनू पिता हमीद खान (25) निवासी नेहरू नगर हाल पता भारत टॉकीज के रुप में हुई। आरोपी ने आगे बताया की वह अपने साथी लक्की के साथ शराब लेकर बेचने आया था। जिसमें से 7 पेटी शराब अचारपुरा एवं मीना चौराहा के बीच पुलिया के पास झाड़ियों में छुपाकर रखी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट का मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना स्थल से उसके फरार साथी लक्की की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया की गिरफ्तार आरोपी असद के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में कई अपराध दर्ज है। और वह थाना कमलानगर में दर्ज धारा 115(2) ,110, 296बी, 351(3), 3(5) में बीते काफी समय से फरार चल रहा था। शातिर आरोपी वारदात करने के बाद पुलिस से बचने के लिये अपने रहने का ठिकाना बदल देता है। जुनेद / 7 मई