खरगोन (ईएमएस)। 9 एमपी बटालियन इंदौर द्वारा सीएटीसी कैंप इंदौर में आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप में शहर के उत्कृष्ट स्कूल के 50 एनसीसी कैडेट्स भी शामिल हुए है। एनसीसी अधिकारी मुरली खोड़े ने बताया 5 से 14 मई तक कैड्ेटस को सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में कैडेट्स को कई विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन कैडेट्स में शहर के 50 छात्र और छात्राएं शामिल है। सुबह 6 से 7 बजे तक योगाभ्यास और पीटी के बाद कैडेट्स को वेपन ट्रेनिंग, मेप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, सैन्य इतिहास, सिविल डिफेंस, प्राथमिक उपचार आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में कैडेट्स के लिए विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान भी दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण में वक्ताओं ने कहा कि नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और अनुशासन भारतीय सेना की पहचान के प्रमुख स्तंभ हैं। उन्होंने शिविर को कैडेट्स के लिए प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट मंच बताया। सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से कैडेट्स को आत्मविश्वास और दक्षता विकसित करने का अवसर मिल रहा है। प्रशिक्षण में खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी भी की जा रही है। ईएमएस/मोहने/ 07 मई 2026