:: चारों जोनों में पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग से सुधरी यातायात व्यवस्था; रॉन्ग साइड और मोबाइल चलाने वालों पर भी प्रहार :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर की सड़कों को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को शहर के चारों जोनों में पेट्रोलिंग टीमों ने धुआंधार कार्रवाई की। इस दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े 228 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई, जबकि सैकड़ों वाहनों को मौके से हटवाकर रास्ता साफ कराया गया। पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देश पर सभी जोनों की पेट्रोलिंग टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के व्यस्ततम बाजारों और अधिक दबाव वाले मार्गों का भ्रमण किया। पुलिस ने न केवल अवैध पार्किंग पर नकेल कसी, बल्कि लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने, मोबाइल का उपयोग करने और रॉन्ग साइड चलने वाले चालकों के खिलाफ भी सख्त रवैया अपनाया। :: इन प्रमुख क्षेत्रों में चला पुलिस का डंडा :: जोन-1: बड़ा गणपति, एयरपोर्ट मार्ग, गौराकुण्ड और मरीमाता क्षेत्र। जोन-2: बापट चौराहा, विजयनगर, रसोमा और एलआईजी क्षेत्र। जोन-3: हाई कोर्ट, पलासिया, रीगल तिराहा, दवा बाजार और घंटाघर मार्ग। जोन-4: टॉवर चौराहा, खातीवाला टैंक, सराफा, शक्कर गली और जवाहर मार्ग। :: दिखने लगा बदलावय जाम से मिल रही मुक्ति :: नियमित पेट्रोलिंग के अब सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। प्रमुख बाजारों में अवैध पार्किंग में कमी आई है और यातायात का प्रवाह पहले की तुलना में अधिक सुगम हुआ है। पुलिस की सतत मौजूदगी से वाहन चालकों में नियमों के प्रति सजगता बढ़ी है। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तत्काल प्रबंधन से जाम की स्थिति में बड़ी राहत मिली है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सघनता से जारी रहेगा। प्रकाश/07 मई 2026