- अमेरिका-ईरान ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप - वैश्विक सप्लाई पर बढ़ा खतरा तेहरान (ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच Strait of Hormuz में बढ़ते सैन्य तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। दोनों देशों के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतों में भारी तेजी दर्ज की गई। गुरुवार को अस्थिर कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड 7.5 प्रतिशत तक उछलकर 103.70 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। हालांकि शुक्रवार सुबह एशियाई बाजार खुलने तक इसकी कीमत 101.12 डॉलर प्रति बैरल रही। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, ईरानी मिसाइलों, ड्रोन और छोटी नौकाओं ने अमेरिकी नौसेना के तीन युद्धपोतों को निशाना बनाया, जिसके जवाब में अमेरिका ने ईरान पर हमला किया। वहीं ईरान ने अमेरिका पर युद्धविराम तोड़ने और अपने तेल टैंकर पर हमला करने का आरोप लगाया। ईरान ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने केशं आइलैंड समेत नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया। दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल और गैस आपूर्ति इसी जलमार्ग से गुजरती है। फरवरी से यहां जहाजों की आवाजाही लगभग ठप है। युद्ध के बाद से ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो चुकी है।