व्यापार
08-May-2026
...


- सेंसेक्स 350 अंक टूटकर 77,496 पर, निफ्टी 50 भी 24,233 पर मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत शुक्रवार को ग्लोबल बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के चलते कमजोर रही। घरेलू निवेशकों की धारणा पर इसका सीधा असर दिखा, जिसके चलते शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में ट्रेड करते नजर आए। सुबह की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 77,631 के स्तर पर खुला, लेकिन खुलने के तुरंत बाद बिकवाली का दबाव बढ़ गया। सुबह करीब 9:24 बजे तक सेंसेक्स 347 अंकों की गिरावट के साथ 0.45 प्रतिशत टूटकर 77,496 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 24,233 के स्तर पर कमजोर खुला। शुरुआती ट्रेड में निफ्टी 112 अंक गिरकर 24,216 के करीब पहुंच गया। अन्य प्रमुख इंडेक्स में भी भारी कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी बैंक 370 अंक टूटकर 55,676 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 178 अंक फिसलकर 26,270 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स में भी लगभग 281 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि आईटी शेयरों में थोड़ी मजबूती दिखी, जिससे निफ्टी आईटी इंडेक्स हल्की बढ़त के साथ ट्रेड करता नजर आया। शुरुआती कारोबार में जिन बड़े शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई उनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी और बजाज फाइनेंस शामिल थे। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एचसीएलटेक, बीईएल और अडानी पोर्ट्स जैसे शेयरों में तेजी देखने को मिली और वे हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें आने वाले समय में भी बाजार पर दबाव बनाए रख सकती हैं। सतीश मोरे/08 मई ---