- रुपया 27 पैसे की बढ़कर 94.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था मुंबई (ईएमएसए)। रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 45 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.67 पर पहुंच गया।अमेरिका और ईरान की सेनाओं के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के पास गोलीबारी की खबरों के बीच ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतें बढ़कर 101.00 डॉलर प्रति बैरल होने से घरेलू मुद्रा दबाव में है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ईरान के अमेरिका पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाने और अमेरिका के जवाबी हमले करने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य और नागरिक क्षेत्रों में हुए जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि युद्धविराम अब भी लागू है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.58 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में टूटकर 94.67 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 45 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया गुरुवार को शुरुआती नुकसान की भरपाई करते हुए 27 पैसे की बढ़त के साथ 94.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.20 पर रहा। सतीश मोरे/08 मई ---