क्षेत्रीय
08-May-2026
...


कबीरधाम (ईएमएस)। जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सारंगढ़ के निवासी थे। बताया जा रहा है कि कृष्णा आढिले अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से अपने ससुराल कोलेगांव जा रहे थे। जैसे ही वे कुण्डा थाना क्षेत्र में पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक को क्रॉस करने के दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे मौजूद गीली मिट्टी पर फिसल गई। इसी दौरान बाइक पर सवार पति-पत्नी ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका 4 साल का बेटा दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। बच्चे को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया है, जिससे बारिश में सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस लापरवाही के कारण आए दिन बाइक सवार फिसलकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाया जाए और जिम्मेदारी तय की जाए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण ठेकेदार के आने और कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात पर अड़े हुए हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी है। - (ईएमएस) 08 मई 2026