- अवैध पानी कनेक्शन धारकों पर निगम सख्त, घर-घर चलाया अभियान - जोन 2 में डोर-टू-डोर जांच, अवैध नल कनेक्शन पकड़े गए बिलासपुर (ईएमएस)। नगर निगम द्वारा अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए जोन क्रमांक-2 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत सिरगिट्टी और तिफरा क्षेत्र में 112 अवैध नल कनेक्शनों को चिन्हित कर उन्हें शुल्क लेकर वैध किया गया। नगर निगम की टीम ने डोर-टू-डोर सर्वे और मार्किंग अभियान चलाकर उन घरों की पहचान की, जहां बिना अनुमति के पानी के कनेक्शन लिए गए थे। कार्रवाई के दौरान जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय और उनकी टीम ने विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर अवैध कनेक्शनों की जांच की। इसके बाद प्रत्येक उपभोक्ता से पांच-पांच हजार रुपए शुल्क लेकर कनेक्शन नियमित किए गए। इस अभियान से निगम को कुल 5 लाख 60 हजार रुपए की राजस्व प्राप्ति हुई है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध नल कनेक्शनों के कारण जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है और निगम को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। - आगे भी जारी रहेगा अभियान निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने बताया कि गर्मी के दिनों में जल संकट से निपटने के साथ ही अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अवैध कनेक्शनों के कारण पानी की बर्बादी होती है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने अवैध कनेक्शनों को वैध करा लें, ताकि भविष्य में दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। - 08 मई 2026