क्षेत्रीय
08-May-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। घमापुर थाना क्षेत्र में तलाक के बाद भी पत्नी का पीछा कर रहे आरोपी पति ने महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना घमापुर से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार 7 मई को देर रात लगभग ढाई बजे घायल अवस्था में निकिता यादव उम्र 26 वर्ष निवासी शुक्ला होटल, थाना घमापुर थाने पहुंची। महिला के दाहिने हाथ से लगातार खून बह रहा था और वह दर्द से कराह रही थी। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने महिला के हाथ में गंभीर चोट होना बताया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका अपने पहले पति से तलाक हो चुका था। तलाक के बाद उसने अलग रहना शुरू कर दिया था, लेकिन आरोपी पति लगातार उसे परेशान करता था। महिला ने बताया कि आरोपी आए दिन शराब के नशे में उसके पास पहुंचकर विवाद करता था और उसे धमकियां देता था। कई बार उसने मारपीट भी की, लेकिन सामाजिक बदनामी और बच्चों की जिम्मेदारी के कारण महिला ने पहले कभी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। महिला के अनुसार गुरुवार रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगने लगा। जब निकिता ने घर में खाने का सामान नहीं होने की बात कही और आरोपी को काम-धंधा करने की सलाह दी, तो वह आगबबूला हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में पूजा स्थल के पास रखा बका नुमा लोहे का चाकू उठा लिया और पत्नी पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला पर जान से मारने की नीयत से कई वार करने की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए महिला ने हाथ आगे किए, जिससे चाकू उसके हाथ में जा लगा और हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। घमापुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। ईएमएस / 08 मई 2026