राज्य
08-May-2026
...


- 5 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार महासमुंद(ईएमएस)। जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने एंबुलेंस में छिपाकर ले जाए जा रहे 77 किलो अवैध गांजा को जब्त करते हुए महाराष्ट्र के पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से गांजा की बड़ी खेप एक एंबुलेंस वाहन (एमएच 13 सीयू 0707) के जरिए महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले एंबुलेंस के आगे चल रही पायलटिंग कार (एमएच 12 एनबी 5277) को रोका और फिर एंबुलेंस की तलाशी ली। वाहन के भीतर छिपाकर रखा गया लगभग 77 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें आकाश उर्फ अक्षय जाधव (27), लिंबाजी जाधव (33), धनंजय लोखंडे (25), प्रथमेश पिंगले (20) और अजय काले (25) शामिल हैं, जो सभी महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी गांजा को महाराष्ट्र के सोलापुर में खपाने की योजना बना रहे थे। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए एंबुलेंस जैसे संवेदनशील वाहन का इस्तेमाल किया, लेकिन उनकी यह चाल नाकाम हो गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से एंबुलेंस, पायलटिंग कार और पांच मोबाइल फोन समेत कुल लगभग 50 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के अनुसार, पिछले चार महीनों में 84 मामलों में 6093 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है और 221 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क के सोर्स और डिस्ट्रीब्यूशन चैन की गहराई से जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 मई 2026