राज्य
08-May-2026
...


नोएडा (ईएमएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (डीएक्सएन) से उड़ान भरने वालों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। इंडिगो एयरलाइंस नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान 15 जून को संचालित होगी। इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6ई 2278 सुबह 7.05 मिनट पर लखनऊ से उड़ान भर कर आठ बजकर पांच मिनट पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। आधे घंटे बाद बेंगलुरु के लिए 8.35 मिनट पर उड़ान भरेगी। नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ का किराया 5401 रुपये है। वहीं लखनऊ से नोएडा का किराया 5492 रूपये है। बंगलुरू से इंडिगो की फ्लाइट दोपहर 3.45 मिनट नोएडा के लिए उड़ान भरेगी और नोएडा एयरपोर्ट पर शाम 6.20 मिनट पर उतरेगी और फिर यहां से लखनऊ के लिए 6 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरेगी और आठ बजे लखनऊ के एयरपोर्ट पर उतरेगी। वीरवार से टिकटों की बिक्री इंडिगो एयरलाइंस की वेबसाइट पर शुरू हो गई है। वहीं अकासा व एयर इंडिया एक्सप्रेस ने नोएडा एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू करने की तिथि अभी घोषित नहीं की है। इंडिगो जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भारत के 16 से अधिक शहरों से सीधे जोड़ेगी। जिनमें बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख महानगरों के अलावा अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, लखनऊ, नवी मुंबई, पंतनगर और श्रीनगर जैसे शहर शामिल हैं। इससे हवाई यात्रा के क्षेत्र में दिल्ली-एनसीआर से आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उड़ान शुरू करने की घोषणा के बाद अब एयरपोर्ट पर सॉफ्ट ट्रायल भी शुरू हो गए हैं। ट्रॉयल के दौरान यात्रियों को एयरपोर्ट पर मिलने वाली सुविधाओं और स्टाफ को रूबरू कराया जाना है। इसके लिए यात्री सुविधा में लगे वेंडर्स और इनके स्टाफ के एयरपोर्ट एंट्री पास भी जारी किए जा रहे हैं। साथ ही 15 जून से पहले ही एयरपोर्ट को कमर्शियल ऑपरेशन के लिए पूरी तरह तैयार करना है। - नई दिल्ली/ईएमएस/08/ मई/2026