अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के वाडज पुलिस थाने में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पोक्सो और अपहरण जैसे गंभीर मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक 23 वर्षीय आरोपी अशोक डाभाणी को वाडज पुलिस ने राजस्थान के माउंट आबू से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को मेडिकल जांच और उपचार के लिए ले जाया गया था। वहां से वापस लाते समय वाडज पुलिस स्टेशन के पास ही आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। सूत्रों के अनुसार जब पुलिस वाहन आरोपी को लेकर वाडज थाने पहुंचा, तभी गाड़ी से उतरते वक्त आरोपी अचानक पुलिस की पकड़ से निकलकर भागने में सफल रहा। हैरानी की बात यह है कि आरोपी के साथ उस समय तीन पुलिसकर्मी मौजूद थे, इसके बावजूद वह उनकी आंखों के सामने फरार हो गया। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच तेज कर दी गई। पोक्सो जैसे संवेदनशील मामले के आरोपी के भाग जाने के बाद पूरे अहमदाबाद शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। वाडज पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की कई टीमें आरोपी अशोक डाभाणी की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। आरोपी के फरार होने से पूरे पुलिस तंत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। सतीश/08 मई