नई दिल्ली (ईएमएस)। चावड़ी बाजार स्थित चरखीवालन चौक के नजदीक स्थित घरों के नलों से अचानक लाल पानी निकलता देख स्थानीय निवासी हैरान रह गए। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है और बृहस्पतिवार की शाम को जब इलाके में पानी की आपूर्ति शुरू हुई तो नलों से लाल पानी निकलने लगा। घरों में हो रहे लाल पानी की आपूर्ति ने स्थानीय निवासी की चिंता बढ़ा दी। स्थानीय निवासी निखिल रस्तोगी ने बताया कि इस इलाके में गर्मी शुरू होने के साथ ही पानी की समस्या शुरू हो जाती है। क्षेत्र में पानी की आपूर्ति जल बोर्ड के सुभाष नगर पार्क स्थित प्लांट से होती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पानी सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/08/ मई/2026