राज्य
08-May-2026
...


अधारताल पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप जबलपुर (ईएमएस)। महिला सशक्तिकरण और महिला अपराधों के प्रति संवेदनशील तथा दावा करने वाली पुलिस की उस वक्त कलई खुल गई जब अधारताल थाना क्षेत्र में मोहल्ले वालों से परेशान एक महिला ने पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने पर एसपी आफिस में गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की घटना के बाद एसपी आफिस में सनसनी मच गई| महिला अपनी चार साल की मासूम बच्ची को गोद में लेकर पहुंची थी। घटना के बाद आनन-फानन में पुलिस कर्मियों ने महिला को उपचार हेतु जिला अस्पताल विक्टोरिया पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अधारताल थानांतर्गत धनी कुटिया निवासी अंजू पांडे (उम्र लगभग 35 वर्ष) पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में थी। अस्पताल में उपचार के दौरान अंजू ने बताया कि उसके मोहल्ले के कुछ लोग उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। इस संबंध में उसने कई बार अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। थक-हारकर वह शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित एसपी ऑफिस पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ कार्यालय परिसर में खड़ी थी और इसी दौरान अचानक उसने अपनी जेब से कुछ गोलियां निकालीं और उन्हें निगल लिया। यह देखकर वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी सकते में आ गए। पुलिस ने तत्काल वाहन की व्यवस्था की और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। विक्टोरिया अस्पताल में महिला को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बताया कि महिला की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला ने अस्थमा (दमा) की करीब 3 से 4 गोलियां खाई थीं, जिनका शरीर पर कोई प्राणघातक प्रभाव नहीं पड़ेगा। दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन महिला के मोहल्ले वालों द्वारा प्रताड़ना के आरोपों और इस मामले में अधारताल थाने में महिला की सुनवाई क्यों नहीं हुई , इसकी पडताल कर रहा है। अजय पाठक / मोनिका / 08 मई 2026/ 02.01