राष्ट्रीय
08-May-2026
...


महिलाओं के शैक्षणिक, सामाजिक और सर्वांगीण विकास के लिये पांच नई शुरुआत आईआईएम में नेतृत्व, उद्यमिता, अनुसंधान और समावेशन पर आधारित राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण पहल का शुभारंभ मुंबई (ईएमएस)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) मुंबई ने इस वर्ष के मातृ दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण के लिये तेजस्विनी पहल लॉन्च करने की घोषणा की है। संस्थान द्वारा की जा रही इस पहल को महिलाओं के नेतृत्व, उद्यमिता, नीति अनुसंधान, समावेशन और उनकी शैक्षिक पहुंच को आगे बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। आईआईएम मुंबई की ओर से तेजस्विनी पहल कार्यक्रम के तहत पाँच नई शुरूआत की जा रही है, जो हैं - •​छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप •​तेजस्विनी राष्ट्रीय सम्मान •​तेजस्विनी संस्थान पुरस्कार •​इंस्टीट्यूशनल गवर्नेंस और डीईआई •​वूमेंस लीडर्स के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार आईआईएम अधिनियम, 2017 के तहत राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में, आईआईएम मुंबई ने कहा कि यह पहल मैनेजमेंट की शिक्षा, इनोवेशन और संस्थान-नेतृत्व वाले प्रभाव के माध्यम से महिलाओं के लिए दीर्घकालिक, संचरित अवसर बनाने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मातृ दिवस के अवसर पर शुरू की गई यह पहल समाज में महिलाओं की भूमिका को प्रथम शिक्षक, संस्थान-निर्माता और परिवर्तन-वाहक के रूप में मान्यता देती है; साथ ही, यह ऐसे नेतृत्व और सीखने का इकोसिस्टम बनाने के महत्व को भी पुष्ट करती है जो सभी क्षेत्रों और समुदायों में महिलाओं का समर्थन करते हैं। दीप्ति, शक्ति और ओजस्विता का प्रतीक संस्कृत शब्द तेजस्विनी से प्रेरित इस पहल का उद्देश्य एक ऐसा इकोसिस्टम बनाना है जो महिलाओं को नेतृत्व करने, इनोवेशन और स्थायी प्रभाव उत्पन्न करने में सक्षम बनाए। लॉन्च के अवसर आईआईएम मुंबई के डायरेक्टर प्रो. मनोज कुमार तिवारी ने कहा -मातृ दिवस के अवसर पर, आईआईएम मुंबई को तेजस्विनी पहल को एक सार्थक संस्थागत पहल के रूप में लॉन्च करते हुए गर्व हो रहा है, जो महिलाओं में लीडरशिप, इनोवेशन और इंक्लूजन को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित है। माताएँ समाज की पहली शिक्षक, मार्गदर्शक और निर्माता होती हैं, और यह पहल ऐसे मंच बनाने की हमारी प्रतिबद्धता है जो शिक्षा, उद्यमिता, नीतिगत जुड़ाव और नेतृत्व विकास के माध्यम से महिलाओं को सपोर्ट करते हैं। एक संस्कृत श्लोक है जिसने सभ्यताओं का मार्गदर्शन किया है: ...यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवताः... यानि जहाँ नारियों का सम्मान होता है, वहाँ देवता निवास करते हैं। मातृ दिवस के अवसर पर, आईआईएम मुंबई उस श्लोक को केवल एक पाठ तक सीमित न रखते हुए, उसे एक जीवंत संस्थागत वास्तविकता बनाने की दिशा में एक कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि हम औपचारिक रूप से आईआईएम मुंबई की व्यापक महिला सशक्तिकरण नीति और कार्यक्रम रूपरेखा की घोषणा करते हैं। इस प्रतिबद्धता के अनुरूप एक उपयुक्त नाम की तलाश में, हमें कहीं दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। हमारी अपनी समृद्ध शास्त्रीय विरासत के भंडार से—ठीक उसी शब्दावली से, जिसके माध्यम से इस राष्ट्र ने सदैव अपनी महिलाओं का सम्मान किया है—एक शब्द स्वयं ही सामने आया:.... तेजस्विनी। वह, जो दीप्तिमान है, मेधावी है और ओज से परिपूर्ण है। यह उस स्वरूप को नाम देता है, जो इस राष्ट्र की महिलाएं पहले से ही हैं। राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में, हमारा कार्य केवल इतना है कि हम उस तेजस्विता के अनुरूप संरचनाओं का निर्माण करें। जगत जननि दामिनि दुति गाता ब्रह्मांड की जननी — जिनका पूरा अस्तित्व बिजली की तरह दीप्तिमान है। - तुलसीदास, रामचरितमानस, बाल कांड तुलसीदास ने, चार सदियों पहले लिखते हुए, वह देखा जिसे हम आज कभी-कभी भूल जाते हैं। रामचरितमानस में, उन्होंने स्त्रियों का वर्णन जगत जननि दामिनि दुति गाता के रूप में किया है — ब्रह्मांड की जननी, जिनका पूरा अस्तित्व बिजली की तरह दीप्तिमान है। वह दीप्ति — वह तेजस — कोई रूपक नहीं है। यह एक वर्णन है। इस राष्ट्र की महिलाओं ने हमेशा उस प्रकाश को धारण किया है। तेजस्विनी पहल आईआईएम मुंबई का वह संकल्प है जिसके तहत ऐसी संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा जो इस प्रकाश के योग्य हों। तेजस्विनी पहल के पाँच आयाम हैं - नेतृत्व विकास और कार्यकारी शिक्षा यह पहल महिला पेशेवरों, उद्यमियों और भावी लीडर्स के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए विशिष्ट शिक्षण और क्षमता-निर्माण कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी, जिनमें महिला नेतृत्व (Women in Leadership) कार्यक्रम, महिला उद्यमियों के लिए कार्यकारी प्रमाणपत्र कार्यक्रम, ग्रामीण महिला प्रबंधन साक्षरता कार्यक्रम शामिल हैं। ये कार्यक्रम रणनीतिक नेतृत्व, उद्यमिता, प्रबंधकीय क्षमता, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल समावेशन पर केंद्रित होंगे। अनुसंधान और नीतिगत ढाँचा अपने नीति और शासन केंद्र (Centre for Policy and Governance) के माध्यम से, आईआईएम मुंबई महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास और समावेशी विकास पर केंद्रित अनुसंधान और नीतिगत हस्तक्षेप करेगा। इस पहल में निम्नलिखित विषयगत क्षेत्र शामिल होंगे, जो हैं - •​महिला उद्यमिता •​कार्यस्थल पर समावेशन और नेतृत्व •​विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखलाएं •​कौशल विकास और रोजगार क्षमता •​ग्रामीण वित्तीय और डिजिटल समावेशन •​प्रौद्योगिकी-आधारित सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण संस्थान राष्ट्रीय हितधारकों और सार्वजनिक संस्थानों के लिए नीति पत्र, क्षेत्रीय रिपोर्ट और सिफारिशें भी प्रकाशित करेगा। इंटरप्रोन्योरशिप और इन्क्यूबेशन सहायता इनोवेशन, इन्क्यूबेशन और इंटरप्रोन्योरशिप केंद्र (CIIE) के अंतर्गत, आईआईएम मुंबई महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप और उद्यमों को सहायता प्रदान करने के लिए एक समर्पित महिला उद्यमिता ट्रैक स्थापित करेगा, जिसके माध्यम से निम्नलिखित सहायता दी जाएगी: •​मार्गदर्शन (Mentorship) और इन्क्यूबेशन •​व्यावसायिक सलाहकार सहायता •​निवेशकों और बाजारों तक पहुंच •​नेटवर्किंग के अवसर •​उद्यमिता सीखने के संसाधन इस कार्यक्रम का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण भारत में महिलाओं के नेतृत्व वाले इनोवेशन और उद्यम निर्माण को सुदृढ़ करना है। इंस्टीट्यूशनल गवर्नेंस और डीईआई यह पहल एक सुदृढ़ विविधता, समानता और समावेशन ढाँचा भी प्रस्तुत करती है, जो लैंगिक-संवेदनशील शासन, समावेशी भागीदारी, कार्यस्थल पर गरिमा, मार्गदर्शन और संस्थागत सहायता प्रणालियों पर केंद्रित है। छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप आईआईएम मुंबई, प्रबंधन शिक्षा, अनुसंधान और नेतृत्व विकास में महिलाओं की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए छात्राओं हेतु योग्यता-सह-आवश्यकता (merit-cum-need) आधारित छात्रवृत्तियाँ शुरू करेगा। वूमेन लीडर्स के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार इस पहल के एक भाग के रूप में, आईआईएम मुंबई ने दो सम्मानों की स्थापना की भी घोषणा की है: पहला है तेजस्विनी राष्ट्रीय सम्मान एक राष्ट्रीय पुरस्कार जो विभिन्न क्षेत्रों की असाधारण महिला नेताओं को सम्मानित करेगा, जिनमें शामिल हैं: •​सार्वजनिक नीति •​उद्योग और कॉर्पोरेट नेतृत्व •​उद्यमिता •​विज्ञान और प्रौद्योगिकी •​सामाजिक प्रभाव •​रक्षा और वर्दीधारी सेवाएँ •​अकादमिक और शिक्षा •​कला और खेल दूसरा है तेजस्विनी संस्थान पुरस्कार एक संस्थागत पुरस्कार जो IIM मुंबई के भीतर कार्यरत महिला संकाय सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान और नेतृत्व को मान्यता प्रदान करेगा। ईएमएस/08/05/2026