राष्ट्रीय
08-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दुनिया के कई हिस्सों में हंता वायरस संक्रमण के मामलों के बीच भारत सरकार भी पूरी तरह सतर्क हो गई है। केंद्र सरकार ने इस संक्रमण को लेकर निगरानी बढ़ा दी है और स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार राष्ट्रीय रोग नियंत्रण एजेंसियों तथा वैश्विक स्वास्थ्य संस्थाओं के संपर्क में बना हुआ है। हाल ही में एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री जहाज पर संक्रमण के संभावित मामलों के सामने आने के बाद भारत ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार समुद्री जहाज पर संक्रमण के आठ संभावित मामले सामने आए हैं, जिनमें पांच मामलों की प्रयोगशाला जांच से पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोगों की मौत की खबर ने वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इसी के बाद भारत में एकीकृत रोग निगरानी तंत्र और आपात स्वास्थ्य संचालन केंद्र ने उच्चस्तरीय समीक्षा शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक जहाज पर मौजूद दो भारतीय नागरिकों को एहतियातन निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उनमें किसी प्रकार के लक्षण सामने नहीं आए हैं, लेकिन सरकार किसी भी जोखिम को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार हंता वायरस मुख्य रूप से चूहों के जरिए फैलता है। संक्रमित चूहों के मल, मूत्र, लार या उनके संपर्क में आने वाली धूल के जरिए यह इंसानों तक पहुंच सकता है। कुछ विशेष परिस्थितियों में सीमित रूप से इंसान से इंसान में संक्रमण की संभावना भी बताई गई है। हालांकि वैश्विक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने फिलहाल इस संक्रमण से व्यापक महामारी का खतरा कम बताया है। भारत में अभी तक इस वायरस के सामुदायिक प्रसार का कोई प्रमाण नहीं मिला है, लेकिन केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि निगरानी, जांच और बचाव के सभी उपाय पूरी सतर्कता के साथ जारी रहेंगे। सुबोध/०८-०५-२०२६