कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी सरकार गठन की तैयारी में जुट गई है। 9 मई को रवींद्र जयंती के अवसर पर कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जहां शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण से पहले शुभेंदु अधिकारी ने प्रदेश की जनता के सामने पांच बड़े संकल्प रखकर आने वाली सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की जनता से जो गारंटी दी है, नई सरकार उसे हर हाल में पूरा करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनावी घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों को तय समय सीमा के भीतर जमीन पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य बंगाल को भयमुक्त बनाना है। प्रशासन को राजनीतिक दबाव से मुक्त किया जाएगा और राजनीति के अपराधीकरण पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। शुभेंदु ने कहा कि अब शासन व्यवस्था जनता के हित में काम करेगी, किसी दल विशेष के लिए नहीं। राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने साफ कहा कि राज्य में अवैध घुसपैठ और सीमापार तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जाएगी। उनके अनुसार बंगाल की जीत सिर्फ राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा को मजबूत करने का अवसर है। शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने का भी वादा किया। गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका सपना ऐसा बंगाल बनाना है जहां मन भयमुक्त हो और हर नागरिक सम्मान के साथ जी सके। उन्होंने कहा कि नई सरकार सिर्फ वादों की राजनीति नहीं करेगी, बल्कि काम करके विश्वास जीतेगी। अब बंगाल में विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव नई सरकार की पहचान होगा। सुबोध/०८-०५-२०२६