चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु की राजनीति में पिछले चार दिनों से जारी सियासी हलचल के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, टीवीके प्रमुख विजय कल सुबह ग्यारह बजे तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। अभिनेता से नेता बने विजय ने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है, जिसके बाद राज्य की राजनीति में नई तस्वीर उभरती दिखाई दे रही है। विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी, लेकिन पार्टी अपने दम पर बहुमत के आंकड़े से कुछ सीटें पीछे रह गई थी। इसके बाद विजय लगातार सहयोगी दलों के समर्थन जुटाने में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस समेत कई दलों के समर्थन के बाद विजय बहुमत के जरूरी आंकड़े तक पहुंच गए हैं। चेन्नई स्थित राजभवन पहुंचकर विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और समर्थन पत्रों के साथ सरकार गठन का दावा पेश किया। इससे पहले भी विजय दो बार राज्यपाल से मुलाकात कर चुके थे, लेकिन उस समय पर्याप्त समर्थन नहीं होने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पाया था। आज हालात उस समय पूरी तरह बदल गए जब वामपंथी दलों ने भी विजय को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के विधायकों के समर्थन से विजय का आंकड़ा बहुमत तक पहुंच गया। हालांकि वाम दलों ने साफ किया है कि वे नई सरकार को बाहर से समर्थन देंगे और मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं बनेंगे। अब सबकी निगाहें कल होने वाले संभावित शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं। सुबोध/०८-०५-२०२६